हरिद्वार के जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में नहाते समय चार कांवड़ियों की डूबने से मौत
Summary
Spread the loveप्रयाग भारत, हरिद्वार : Haridwar उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से कांवड़ मेले के दौरान एक बेहद दुखद हादसे की खबर सामने आई है। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में नहाने के दौरान चार कांवड़ियों […]
More On Breaking News
- Nepal Flood आपदा पर हरिद्वार के संतों की बड़ी पहल, आधे घंटे में जुटाए 38 लाख रुपये
- CM धामी ने 101 युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र, पशुपालन और गन्ना विभाग में मिली सरकारी नौकरी
- CJP के इंडिया गेट से दिल्ली पुलिस मुख्यालय मार्च पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाने से किया इनकार
- Uttarakhand में 6 दिन बारिश का अलर्ट, 31 अगस्त और 1 सितंबर को ऑरेंज अलर्ट; इन जिलों में बरसेगा कहर
- sidcul में युवक-युवती के विवाद के बाद सड़क पर बवाल, लात-घूंसे और बेल्ट से मारपीट का VIDEO वायरल
प्रयाग भारत, हरिद्वार : Haridwar उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से कांवड़ मेले के दौरान एक बेहद दुखद हादसे की खबर सामने आई है। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में नहाने के दौरान चार कांवड़ियों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी युवक चंडीगढ़ से अपने साथियों के साथ गंगाजल लेने हरिद्वार आए थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत जल पुलिस व स्थानीय पुलिस ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जटवाड़ा पुल के पास नहाते समय एक किशोर गंगनहर में बने गहरे गड्ढे में फंसकर डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके तीन साथी भी पानी में उतर गए, लेकिन वे भी गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और तेज बहाव की चपेट में आ गए। देखते ही देखते चारों युवक पानी में लापता हो गए।
बताया जा रहा है कि गंगनहर में सिल्ट साफ करने के कारण पानी का स्तर कम किया गया था। इसी वजह से कई कांवड़िए नहर के बीच तक चले गए, लेकिन वहां बने गहरे गड्ढे की जानकारी न होने के कारण यह दर्दनाक हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस और जल पुलिस को दी, जिसके बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
काफी देर तक चले खोज अभियान के बाद जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने चारों युवकों के शव गंगनहर से बरामद कर लिए। मृतकों की उम्र करीब 16 से 18 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हादसा गहराई का सही अनुमान न लगा पाने के कारण हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि 30 जुलाई से हरिद्वार में कांवड़ मेला शुरू हो चुका है, जिसमें इस बार चार करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई गई है। मेले को देखते हुए पुलिस, जल पुलिस और प्रशासन की टीमें सभी प्रमुख घाटों पर तैनात हैं। बावजूद इसके कुछ श्रद्धालु सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी कर गहरे पानी में चले जाते हैं, जिससे ऐसे हादसे हो जाते हैं।
कुछ दिन पहले भी हरिद्वार में एक कांवड़िया गंगा में डूबने लगा था, जिसे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने समय रहते बचा लिया था। प्रशासन ने एक बार फिर श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें, गहरे पानी में जाने से बचें तथा पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।