Tamak नाले में लापता BRO जवान की तलाश जारी, NDRF-SDRF और डॉग स्क्वॉड जुटे
प्रयाग भारत, देहरादून : Tamak नाले में अतिवृष्टि के बाद आए तेज पानी और मलबे की चपेट में आने से सीमा सड़क संगठन (BRO) के चालक पंकज रुधौला लापता हो गए। घटना के बाद से उनकी तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू और सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पंकज रुधौला BRO की 123 इकाई में तैनात बताए गए हैं।
NDRF-SDRF समेत कई टीमें अभियान में जुटीं
लापता जवान की तलाश के लिए नाले के आसपास मलबे, जलधाराओं और संभावित स्थानों को चिन्हित कर गहन सर्चिंग की जा रही है। अभियान में दो एक्सकेवेटर, गढ़वाल राइफल्स के जवान, दो सर्च एंड रेस्क्यू डॉग, NDRF और SDRF की टीमें शामिल हैं। दुर्गम इलाकों में निगरानी के लिए ड्रोन की भी मदद ली जा रही है।
मलबा और बोल्डर हटाकर की जा रही तलाश
रेस्क्यू टीमों द्वारा एक्सकेवेटर की मदद से भारी बोल्डर और मलबा हटाया जा रहा है। इसके बाद उसके नीचे और आसपास के संभावित स्थानों की बारीकी से जांच की जा रही है। टीमें नाले के किनारों, जलधाराओं, मलबे और बड़े पत्थरों के आसपास लगातार सर्च अभियान चला रही हैं।
अभियान में जुटी टीमें किसी भी संभावित स्थान को बिना जांचे नहीं छोड़ रही हैं। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच लापता BRO जवान की तलाश लगातार जारी है।