Uttarakhand

Dehradun में बारिश बनी काल, नाले और नहर में बहने से दो बच्चों की मौत

Spread the love

प्रयाग भारत, देहरादून : Dehradun राजधानी में लगातार हो रही बारिश के बीच दो दर्दनाक हादसों में दो बच्चों की जान चली गई। अलग-अलग घटनाओं में बच्चे नाले और नहर के तेज बहाव में बह गए। दोनों मामलों में पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद बच्चों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

भारतीय वन्यजीव संस्थान परिसर से लापता हुआ था 12 वर्षीय बच्चा

पहली घटना कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र स्थित भारतीय वन्यजीव संस्थान परिसर की है। यहां वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत कर्मचारी का 12 वर्षीय बेटा सम्राट गोपी जीवी मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे अचानक लापता हो गया था।

काफी तलाश के बाद भी जब बच्चे का पता नहीं चला तो परिजनों ने सोशल मीडिया पर उसकी जानकारी साझा की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, लेकिन बच्चे के बाहर जाने का कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद परिसर से होकर गुजरने वाले नाले में बच्चे के गिरने की आशंका जताई गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाश के लिए ड्रोन की भी मदद ली गई।

कई घंटे तक चले अभियान के बाद एसडीआरएफ ने बड़ोवाला के पास डीएसपी चौक की बरसाती नदी से बच्चे का शव बरामद किया। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बच्चा नाले के तेज बहाव में बहकर करीब छह किलोमीटर दूर तक पहुंच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गूलरघाटी नहर में गिरा 10 वर्षीय बच्चा

दूसरी घटना रायपुर थाना क्षेत्र के गूलरघाटी रोड, बालावाला की है। यहां मंगलवार को 10 वर्षीय केपी नहर में गिर गया था। सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ व फायर ब्रिगेड की टीमों को बुलाया गया।

टीमों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया और देर रात तक नहर में बच्चे की तलाश की। घंटों चले अभियान के बाद एसडीआरएफ ने करीब एक किलोमीटर दूर गूलरघाटी नहर से बच्चे का शव बरामद किया।

पुलिस के अनुसार बच्चा मूल रूप से लखीमपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। उसके माता-पिता मजदूरी करते हैं। पुलिस ने बताया कि बच्चा शारीरिक रूप से दिव्यांग था।

बारिश में नाले-नहर के आसपास न जाने की अपील

दो बच्चों की मौत के बाद देहरादून पुलिस ने लोगों से बारिश के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने अभिभावकों से बच्चों को नाले, नहर और नदी जैसे तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रखने को कहा है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें।

विकासनगर में पांच लोगों का रेस्क्यू

इधर, विकासनगर में भी भारी बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बन गई। देर रात डायल 112 के माध्यम से एक परिवार के कुछ लोगों के जलभराव में फंसे होने की सूचना पुलिस को मिली।

सूचना मिलते ही विकासनगर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस ने मकान में जलभराव के कारण फंसे पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

लगातार बारिश के बीच प्रशासन और पुलिस ने लोगों से संवेदनशील क्षेत्रों में सावधानी बरतने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस व आपदा राहत टीमों से संपर्क करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *