Uttarakhand

दून अस्पताल में हंगामा: महिला सुरक्षा गार्डों से मारपीट, परिजनों पर मुकदमा दर्ज

Summary

Spread the love

Spread the loveप्रयाग भारत, देहरादून : Doon Hospital देहरादून स्थित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ओटी एवं इमरजेंसी ब्लॉक में शनिवार को उस समय हंगामा मच गया, जब इलाज के लिए आई एक किशोरी के परिजनों और अस्पताल स्टाफ […]

Spread the love

प्रयाग भारत, देहरादून : Doon Hospital देहरादून स्थित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ओटी एवं इमरजेंसी ब्लॉक में शनिवार को उस समय हंगामा मच गया, जब इलाज के लिए आई एक किशोरी के परिजनों और अस्पताल स्टाफ के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि परिजनों ने महिला सुरक्षा कर्मियों और अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

खून का सैंपल लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, 19 जुलाई की सुबह 16 वर्षीय एक किशोरी पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत लेकर अपने परिजनों के साथ इमरजेंसी विभाग पहुंची थी। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे स्त्री रोग (गायनेकोलॉजी) विभाग में भेजा, जहां चिकित्सकों ने बीमारी का सही कारण जानने के लिए खून की जांच कराने की सलाह दी।

जैसे ही अस्पताल स्टाफ ने ब्लड सैंपल लिया, किशोरी के परिजनों ने आवश्यकता से अधिक खून लेने का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों से बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

महिला सुरक्षा गार्डों पर हमला, दो कर्मी घायल

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, विवाद शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचीं महिला सुरक्षा गार्डों के साथ भी परिजनों ने कथित रूप से मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने कांच की बोतल से हमला किया, वार्ड आया को लात मारी और बीच-बचाव करने आए पुरुष सुरक्षा कर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की की। इस घटना में दो महिला सुरक्षा गार्ड घायल हो गईं।

भागने की कोशिश के दौरान पकड़े गए आरोपी

मारपीट के बाद आरोपी अस्पताल से भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अस्पताल कर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सुरक्षा कर्मियों की ओर से नगर कोतवाली में लिखित शिकायत भी दी गई है।

अस्पताल प्रशासन और पुलिस का बयान

दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.एस. बिष्ट ने बताया कि किशोरी की जांच के दौरान ब्लड सैंपल लिया जा रहा था, तभी परिजनों ने अधिक खून लेने का आरोप लगाकर महिला सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि घटना में दो महिला सुरक्षा कर्मी घायल हुई हैं और आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

वहीं नगर कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट ने कहा कि अस्पताल प्रशासन की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *