कॉर्बेट की ढेला रेंज में वनकर्मियों पर मारपीट का आरोप, कार्रवाई की मांग को लेकर युवक चढ़ा चौकी की छत पर
प्रयाग भारत, रामनगर : Corbett Dhela उत्तराखंड के कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज में वनकर्मियों पर एक ग्रामीण के साथ कथित मारपीट का आरोप लगने के बाद सोमवार को हंगामे की स्थिति बन गई। घटना से नाराज पीड़ित के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में ढेला वन चौकी पहुंच गए। इस दौरान पीड़ित का भतीजा चौकी की छत पर चढ़ गया और आरोपित वनकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा निलंबन की मांग करने लगा।
जानकारी के अनुसार, ढेला गांव निवासी शिव गिरी और वन गुर्जर नन्दू जंगल के किनारे जलौनी लकड़ी लेने गए थे। इसी दौरान वन विभाग के एक वन आरक्षी और दो दैनिक कर्मियों ने उन्हें पकड़कर ढेला वन चौकी ले जाया। बताया गया कि वन अधिनियम के तहत उनका चालान किया गया और जुर्माना भी वसूला गया।
आरोप है कि चालान की कार्रवाई के बाद वनकर्मियों ने दोनों ग्रामीणों के साथ मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर शिव गिरी का भतीजा चंदन गिरी पेट्रोल लेकर वन चौकी पहुंचा और विरोध स्वरूप चौकी की छत पर चढ़ गया। वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक महिला वनकर्मी ने भी उनके साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की।
सूचना मिलते ही पुलिस, वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। काफी समझाने-बुझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया और स्थिति को शांत कराया गया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपित वनकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।