Uttarakhand

नगर निगम कर्मचारी बनकर घर में घुसे बदमाश, कैमरे बंद कर जेवर और नकदी लेकर फरार

Summary

Spread the love

Spread the loveप्रयाग भारत, देहरादून : Dehradun के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित गढ़वाली कॉलोनी में दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि नगर निगम कर्मचारी बनकर आए दो बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला को बंधक […]

Spread the love

प्रयाग भारत, देहरादून : Dehradun के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित गढ़वाली कॉलोनी में दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि नगर निगम कर्मचारी बनकर आए दो बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की और सोने के जेवर तथा नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, गढ़वाली कॉलोनी निवासी गीता काला ने बताया कि उनकी माता भुवनेश्वरी देवी रविवार दोपहर घर पर अकेली थीं। इसी दौरान दो युवक नगर निगम का कर्मचारी होने का दावा करते हुए घर पहुंचे और आधार कार्ड दिखाने के बहाने दरवाजा खुलवाया।

घर के भीतर प्रवेश करते ही आरोपियों ने सबसे पहले घर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए और महिला का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उन्होंने नकदी की मांग की। विरोध करने पर बदमाशों ने बुजुर्ग महिला के हाथ और मुंह बांध दिए तथा उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें हाथ और पैरों में चोटें आईं।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी महिला के कानों से सोने के कुंडल, एक सोने की अंगूठी और घर में रखे करीब तीन हजार रुपये नकद लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने रायपुर थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और संदिग्धों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति को केवल सरकारी कर्मचारी बताने पर घर के भीतर प्रवेश न दें। पहले उसकी पहचान और विभागीय जानकारी की पुष्टि अवश्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *