Chamoli Forest Fire: आग बुझाने गया फायर वाचर खाई में मृत मिला, इलाके में शोक
प्रयाग भारत, उत्तराखंड : Chamoli Forest Fire चमोली में जंगल की आग बुझाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। बदरीनाथ हाईवे के समीप बेड़ूबगढ़ बिरही क्षेत्र में चीड़ के जंगल में लगी आग बुझाने गया फायर वाचर राजेंद्र सिंह नेगी की खाई में गिरने से मौत हो गई। गुरुवार सुबह उसका शव करीब 70 मीटर गहरी खाई में बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, पाखी जलगवाड़ गांव निवासी 42 वर्षीय राजेंद्र सिंह नेगी बुधवार दोपहर वन विभाग की टीम के साथ जंगल की आग बुझाने पहुंचा था। बदरीनाथ वन प्रभाग के डीएफओ सर्वेश दुबे ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे चट्टानी क्षेत्र में आग तेजी से फैल गई थी, जिसके बाद 15 सदस्यीय टीम को मौके पर भेजा गया।
शाम करीब सात बजे तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया और सभी फायर वाचर वापस हाईवे तक पहुंच गए, लेकिन राजेंद्र सिंह लापता था। साथियों ने तुरंत अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने पर एसपी सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर एसडीआरएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया। देर रात जंगल में राजेंद्र का मोबाइल फोन मिला, लेकिन अंधेरा और दुर्गम रास्तों के कारण रेस्क्यू रोकना पड़ा।
गुरुवार सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया, जिसके बाद राजेंद्र सिंह नेगी का शव करीब 70 मीटर नीचे खाई में मिला। माना जा रहा है कि आग बुझाने के दौरान पैर फिसलने से वह गहरी खाई में गिर गया।
इस घटना के बाद वन विभाग और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। पहाड़ी इलाकों में जंगल की आग बुझाने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
