Dehradun के प्राइवेट स्कूल में शिक्षक पर छेड़छाड़ के आरोप, 15 छात्राओं के हस्ताक्षर वाली शिकायत
Summary
ख़बर शेयर करें -प्रयाग भारत, देहरादून : Dehradun राजधानी देहरादून के एक निजी स्कूल में फिजिक्स शिक्षक पर छात्राओं के साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। एक छात्रा और उसकी मां ने इस संबंध में […]
More On Dehradun
- DAV छात्रसंघ चुनाव के बीच कांग्रेस प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट हिरासत में, कांग्रेस ने लगाया पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप
- Dehradun में बारिश बनी काल, नाले और नहर में बहने से दो बच्चों की मौत
- उत्तराखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, कानूनी प्रक्रिया के बिना नहीं हटाए जा सकते अतिक्रमणकारी
- Dehradun : घर में घुसकर वकील को मारी गोली, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
- सांस लेने में दिक्कत के बाद अस्पताल पहुंचे हरीश रावत, डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा उपचार
प्रयाग भारत, देहरादून : Dehradun राजधानी देहरादून के एक निजी स्कूल में फिजिक्स शिक्षक पर छात्राओं के साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। एक छात्रा और उसकी मां ने इस संबंध में स्कूल प्रबंधन से लिखित शिकायत की थी। परिवार का दावा है कि शिकायत में कुल 15 छात्राओं के हस्ताक्षर थे। मामले को लेकर स्कूल में विवाद की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और स्कूल प्रबंधन के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
शिकायत के बाद मामले को दबाने का दबाव डालने का आरोप
छात्रा और उसकी मां के मुताबिक, छात्रा ने पहले शिक्षक के व्यवहार के बारे में अपनी मां को जानकारी दी थी। इसके बाद मां स्कूल पहुंचीं और प्रिंसिपल कार्यालय में लिखित शिकायत सौंपी। परिवार का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने और छात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भरोसा दिया था।
हालांकि, परिवार का कहना है कि इसके बाद छात्रा पर डराकर शिकायत का मामला दबाने का दबाव बनाया गया। छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन उन्हें और उनकी बेटी को बाहर नहीं जाने दे रहा था। उनके अनुसार, मां-बेटी को स्कूल से बाहर जाने से रोकने के लिए गेट पर ताला भी लगाया गया था।
डायरेक्टर पर छात्रा को धमकाने का आरोप
छात्रा के आरोपों के अनुसार, शिकायत के अगले दिन उसे चौथे पीरियड में प्रिंसिपल कार्यालय बुलाया गया। वहां डायरेक्टर, प्रिंसिपल और एक महिला शिक्षिका मौजूद थीं। छात्रा का दावा है कि इस दौरान डायरेक्टर ने उससे अभद्रता की, उसे झूठा बताया और कहा कि वह एक बुजुर्ग शिक्षक पर गलत आरोप लगा रही है।
छात्रा ने आरोप लगाया कि उससे शिक्षक के कथित व्यवहार को करके दिखाने के लिए भी कहा गया। उसके मुताबिक, उसे यह कहकर डराया गया कि मामले में कोई उसका साथ नहीं देगा और वह अकेली पड़ जाएगी। छात्रा का यह भी आरोप है कि उसे घर जाकर अपनी मां को इस बातचीत के बारे में नहीं बताने के लिए कहा गया।
मां ने कहा- घटना के बाद से डरी हुई है बेटी
पीड़िता की मां का कहना है कि इस घटना के बाद उनकी बेटी डरी-सहमी रहने लगी है और स्कूल जाने से घबराती है। परिवार का दावा है कि कक्षा की अन्य छात्राएं भी शिक्षक के व्यवहार से परेशान थीं, लेकिन डर और सामाजिक दबाव के कारण वे अपने अभिभावकों को इसकी जानकारी नहीं दे पा रही थीं।
परिवार ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की रिसीविंग और 15 छात्राओं के हस्ताक्षर वाले आवेदन की प्रमाणित प्रति देने की मांग की है। इसके अलावा, डायरेक्टर से असेंबली में सभी विद्यार्थियों के सामने सार्वजनिक माफी मांगने की मांग भी की गई है।
स्कूल प्रबंधन से पूछताछ करेगी पुलिस
परिवार ने यह भी मांग की है कि स्कूल में छात्राओं को अनुचित व्यवहार के खिलाफ बिना डरे शिकायत करने के लिए जागरूक किया जाए, ताकि वे ऐसी किसी घटना की जानकारी अपने अभिभावकों और प्रिंसिपल को दे सकें।
कोतवाली डालनवाला के प्रभारी विनोद गुसाईं के मुताबिक, स्कूल में हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। फिलहाल परिजनों और स्कूल प्रबंधन से बातचीत की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा कि मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। जांच के लिए टीम स्कूल भेजी गई है और स्कूल प्रबंधन के बयान भी लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपों की जांच जारी है।