पत्नी को घूमाने के बहाने हिमाचल ले गया, गला रेतकर खाई में फेंकने की साजिश नाकाम
प्रयाग भारत, सोलन : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश से अपनी पत्नी को घूमाने के बहाने हिमाचल लाने के बाद एक व्यक्ति ने अपने भाई और दोस्त के साथ मिलकर उसकी हत्या की कथित साजिश रची। हालांकि, एक स्थानीय व्यक्ति की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते महिला की जान बच गई। मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपी दलीप कुमार का अपनी पत्नी मोनिका के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस का आरोप है कि इसी विवाद के चलते उसने अपने भाई शिवम और दोस्त मदन कुमार के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की योजना बनाई।
योजना के तहत तीनों आरोपी महिला को उत्तर प्रदेश से सोलन घुमाने के बहाने लेकर आए। पुलिस के अनुसार, सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद महिला के गले पर चाकू से हमला किया गया और फिर उसे करीब 80 से 100 मीटर गहरी खाई में धक्का दे दिया। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार होकर उत्तर प्रदेश लौटने की कोशिश कर रहे थे।
घटना में बड़ा मोड़ तब आया जब बड़ोग निवासी नरेश कुमार ने संदिग्ध गतिविधि देखकर पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि रास्ते में तीन युवकों को एक महिला के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में देखने के बाद उन्हें शक हुआ। वापस लौटने पर उन्होंने कथित तौर पर महिला को खाई में धक्का देते हुए देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। घायल महिला किसी तरह झाड़ियों के सहारे बाईपास सड़क तक पहुंचने में सफल रही, जहां से उसे पहले सिविल अस्पताल सोलन और बाद में गंभीर हालत को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
एसपी सोलन साईं दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की अलग-अलग टीमें सक्रिय हो गईं और महज 30 मिनट के भीतर तीनों आरोपियों को नगाली क्षेत्र के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलीप कुमार, शिवम और मदन कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।
पुलिस ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण भौतिक और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा घटना से जुड़े हर पहलू की गहन पड़ताल की जा रही है।