UKSSSC पेपर लीक केस, खालिद की बहन साबिया गिरफ्तार
Summary
Spread the love प्रयाग भारत, देहरादून : यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. देहरादून पुलिस ने यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में हरिद्वार के लक्सर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर से खालिद की बहन साबिया को गिरफ्तार […]
More On prayagbharat
- Vande Bharat एक्सप्रेस में मिले 4 लावारिस बैग, 42.7 किलो गांजा बरामद
- Dehradun पुलिस में बड़ा फेरबदल, 22 उपनिरीक्षक-अपर उपनिरीक्षक के तबादले
- Pithoragarh के दो पर्वतारोहियों ने लद्दाख की 3 ऊंची चोटियां कीं फतह
- IIT Roorke में ई-रिक्शा की टक्कर से प्रोफेसर की पत्नी की मौत, मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ हादसा
- Udham Singh Nagar में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 3 निरीक्षकों के तबादले, नानकमत्ता कोतवाली की कमान शंकर सिंह बिष्ट को
प्रयाग भारत, देहरादून : यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. देहरादून पुलिस ने यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में हरिद्वार के लक्सर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर से खालिद की बहन साबिया को गिरफ्तार किया है. इस पूरे मामले की विवेचना की जिम्मेदारी एसएसपी अजय सिंह ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलूनी को सौंपी है. विवेचक जया बलूनी के नेतृत्व में टीम ने घटना से जुड़ी कड़ियों को जोड़ना शुरू कर दिया है.
जांच टीम ने हरिद्वार पहुंचकर आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज, बहादरपुर जट का निरीक्षण किया. इसी केंद्र से प्रश्न पत्र बाहर आया था. टीम ने परीक्षा केंद्र के प्रिंसिपल, कक्ष निरीक्षकों और अन्य गवाहों से लंबी और विस्तृत पूछताछ की है. विवेचना के दौरान घटनास्थल के निरीक्षण, गवाहों के बयानों, साइबर और सर्विलांस द्वारा जुटाए गए महत्वपूर्ण साक्ष्यों के आधार पर, पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है. उनसे पूछताछ की जा रही है.
इस मामले में एसटीएफ को एक मिसिंग लिंक की तलाश है, जो हरिद्वार स्थित परीक्षा केंद्र पर खालिद का मददगार रहा है. यह वही शख्स है, जिसने सेंटर के अंदर मोबाइल पहुंचने में बड़ी भूमिका निभाई. उसकी गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा. वहीं, खालिद की एक दूसरी बहन हीना और लीक प्रश्नों के जवाब तैयार करने वाली सहायक प्रोफेसर सुमन अभी भी पुलिस हिरासत में है.
वहीं, जब आयोग ने पूरे मामले की जांच की तो पता चला कि खालिद ने आयोग की परीक्षा के लिए चार अलग-अलग पहचान के साथ आनलाइन आवेदन किए थे. इन चारों आवेदन पत्रों में पिता का नाम, मोबाइल नंबर और यहां तक कि फोटो भी अलग-अलग लगाए गए थे. खालिद की बहन हीना ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि खालिद ने पहले ही घर में कहा था कि उसने कई फॉर्म इसलिए भरे हैं ताकि जिस परीक्षा केंद्र पर नकल की सेटिंग होगी, वहीं परीक्षा दे सके.
आयोग की इस भर्ती परीक्षा में कुल 1,54,764 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था. ऐसे में पहले चरण में हर फॉर्म की गहराई से जांच करना संभव नहीं था. उसके बाद जब आयोग ने खालिद के भरे गए सभी आवेदन पत्रों की जांच की तो चौंकाने वाली बात सामने आई. खालिद ने सभी आवेदनों में अलग-अलग जानकारियां और फोटो लगाए थे. आयोग की ओर से दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन अधिकांश नंबर किसी और के निकले या फिर बंद मिले.
देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने बताया इस पूरे मामले की जांच एसपी देहात जया बलूनी को सौंपी गई है. टीम को कई अहम साक्ष्य मिले है. जल्द ही खालिद की गिरफ्तारी की जाएगी. हिरासत में खालिद की बहन ओर प्रोफेसर सुमन से पूछताछ जारी है.