फरीदाबाद थाना मालखाने से 32 हथियार चोरी का खुलासा, 20 आरोपी गिरफ्तार
प्रयाग भारत, फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सेक्टर-8 थाना मालखाने से 32 लाइसेंसी और केस प्रॉपर्टी के हथियार गायब होने के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मामले में मालखाना इंचार्ज एएसआई बिजेंद्र सिंह को निलंबित कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित कुल 20 लोगों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए सभी हथियार बरामद कर लिए हैं।
मामला उस समय सामने आया जब थाना प्रभारी राजबीर सिंह ने मालखाने में रखे हथियारों का नियमित मिलान कराया। शुरुआत में 13 हथियार गायब मिले, लेकिन विस्तृत जांच में कुल 32 हथियार लापता पाए गए। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चस्तरीय जांच शुरू की गई।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह के अनुसार, जांच में सामने आया कि थाना में आईटीआई अप्रेंटिस के रूप में कंप्यूटर ऑपरेटर का कार्य कर रहा मोनू इस चोरी का मुख्य आरोपी है। फरीदाबाद के करनेरा गांव निवासी मोनू ने फरवरी और मार्च के दौरान मालखाने से हथियार चोरी किए। बाद में उसने राजस्थान के तिजारा निवासी अपने परिचित विपिन की मदद से इन हथियारों को हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग लोगों को बेच दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 दिनों के भीतर मुख्य आरोपी समेत 20 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सभी हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी आपराधिक घटना में तो नहीं हुआ।
पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा मिलीभगत सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि हाल ही में हरियाणा के फतेहाबाद जिले के एक थाना मालखाने से 211 पेटी शराब गायब होने का मामला भी सामने आया था। अब फरीदाबाद में हथियार चोरी की घटना ने पुलिस मालखानों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।